
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला नियंत्रक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग टीम ने पांवटा से माजरा तक दुकानों का औचक निरीक्षण किया। ढाबों में अवैध रूप से इस्तेमाल किए जा रहे दो घरेलू गैस सिलेंडर पकड़े गए। सब्जी विक्रेताओं को मूल्य सूची अंकित नहीं करने पर पांच हजार व गार्बेज एक्ट उल्लंघन करने पर छह हजार जुर्माना किया है। विभागीय टीम ने अधिनियम के तहत शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान करीब एक हजार रुपये जुर्माना वसूला। शुक्रवार को खाद्य-आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के निरीक्षक पांवटा श्याम भाटिया की टीम ने क्षेत्र में औचक निरीक्षण शुरू किया। पांवटा, माजरा से धौलाकुआं तक टीम ने निरीक्षण में पांवटा के ढाबों से दो घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए। कई सब्जी विक्रेताओं ने चेतावनी के बावजूद रेट लिस्ट नहीं लगाई थी। नियमों का पालन नहीं करने पर छह सब्जी विक्रेताओं को टीम ने जुर्माना किया। कूड़ा कचरा अधिनियम के तहत पोलीथिन रखने पर भी व्यापारियों को जुर्माना लगाया गया। टीम ने करीब तीन दर्जन दुकानदारों को मूल्य सूची नहीं टांगने पर चेतावनी दी है। उधर, खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निरीक्षक पांवटा श्याम भाटिया ने कहा कि औचक निरीक्षण कर जुर्माना किया गया है। क्षेत्र में इस तरह का औचक निरीक्षण अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
