
अंब (ऊना)। पुलिस ने बीती रात अंब तथा आसपास के इलाकों के ढाबों और टी स्टालों पर ताबड़तोड़ छापे मारे। पुलिस को शिकायतें मिली थी कि शाम ढलते ही कई ढाबे और टी स्टाल मयखाने बन रहे हैं। इस पर पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान अंदौरा में एक टी स्टाल में अवैध रूप से रखी हुई देसी शराब की 48 बोतलें बरामद र्हुइं। पुलिस ने दुकानदार दिनेश कुमार निवासी आदर्श नगर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रदेश के नंबर वन समाचार पत्र ‘अमर उजाला’ ने एक दिसंबर के अंक में शाम होते ही मयखाने बन रहे ढाबे… शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर पुलिस ने कार्रवाई अमल में लाते हुए छापे मारे।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान कई ढाबा और टी स्टाल चलाने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। छापामारी की भनक लगते ही कई ढाबों के मालिक तो शटर डाउन करके निकल लिए। कई पियक्कड़ भी लड़खड़ाते हुए सड़कों पर भागते देखे गए। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब और अवैध तरीके से शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा। शराब बरामदगी की पुष्टि करते हुए अंब थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि क्षेत्र को नशा मुक्त करने के लिए एक अभियान शुरू किया गया है। इसमें तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। मंगलवार को पुलिस टीम ने अप्पर अंदौरा तथा आसपास के कई इलाकों में छापे मारे। एक चाय की दुकान में से 48 बोतलें देसी शराब की बरामद की है। इधर, क्षेत्र निवासी हरीश कुमार, राजीव ठाकुर, अरुण शर्मा, दलजीत सिंह, अवतार सिंह, कमल किशोर, स्नेहलता, रजनी ठाकुर, चंचला देवी, कविता ठाकुर, अंजली शर्मा, प्रीती, निर्मला देवी आदि ने कहा कि पुलिस को हर रोज ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान छेड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई बार तो शराब पीकर कई लोग भरे बाजार में हुड़दंग मचाते रहते हैं। एसएचओ ने कहा कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस को लोग सूचित करें। सूचना देने वालों के नाम गुप्त रखे जाएंगे।
