ढाई करोड़ से बुझेगी हजारों की प्यास!

कुमारसैन (शिमला)। नारकंडा ब्लाक की किरटी और शमाथला पंचायत के लोगों को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए आईपीएच ने कवायद शुरू कर दी है। विभाग ने इन दोनों पंचायतों के हजारों लोगों की प्यास बुझाने के लिए ढाई करोड़ की उठाऊ पेयजल योजना तैयार की है। सरकार से मंजूरी मिलते ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। शमाथला और किरटी पंचायत में लंबे समय से जल संकट है। इसके कारण यहां के लोगों को परेशानी से दो चार होना पड़ता है। लंबे समय से जल संकट से जूझ रहे लोगों को राहत दिलाने के लिए आईपीएच विभाग ने पहल की है। विभाग यहां के लिए उठाऊ पेयजल योजना बनवाएगा। विभाग ने करीब ढाई करोड़ की योजना की डीपीआर तैयार की है। भैरा खड्ड से इन पंचायतों तक पानी लाने की योजना बनाई गई है। आईपीएच विभाग के एसडीओ काली दास ने उठाऊ पेयजल योजना की डीपीआर तैयार करने की पुष्टि है। उन्होंने बताया कि इसे सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जा रहा है। जैसे ही मंजूरी मिलेगी, इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि करोड़ों की इस योजना के बनने के बाद इन दोनों पंचायतों में जल संकट नहीं रहेगा। इधर, शमाथला पंचायत प्रधान सुमन कश्यप और किरटी उपप्रधान दिनेश ठाकुर ने इस पर खुशी जताते हुए आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने आईपीएच मंत्री के समक्ष मांग उठाई थी, जिसके बाद योजना बनाने की पहल हुई है।

Related posts