ढांक के नीचे फेंक कर युवक की हत्या

पुखरी (चंबा)। तीसा थाना के तहत गांव तलोटा तहसील चुराह में युवक की हत्या से सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि शादी समारोह में नरेंद्र के बड़े भाई इंद्र प्रकाश की हनीश से पैसों के लेन देन को लेकर बहस हो गई। तब नरेंद्र ने भाई का बीच बचाव करके उन्हें झगड़े से रोका। इससे हनीश खफा था। रात को वापस लौटते वक्त उसने नरेंद्र को ढांक के नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत होे गई। पुलिस ने हत्या का मुकद्दमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। एएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि महिंद्र सिंह पुत्र हंसराज निवासी गांव लड़युंडा के बयान पर हनीश कुमार पुत्र बलदेव निवासी गांव कैला के खिलाफ नरेंद्र पुत्र ज्ञान चंद निवासी लड़युंडा की हत्या का मुकद्दमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 22 मई को जब वह नरेंद्र के साथ तलोटा गांव से अमर सिंह के लड़के की शादी समारोह से लौट रहा था तो रास्ते में उन्हें लाल चंद पुत्र लोभी निवासी भटयाली और दलीप पुत्र ब्यास देव निवासी सोहा मिले। नरेंद्र ने लाल चंद से भाई इंद्र प्रकाश के बारे में पूछा कि क्या उन्होंने उसे कहीं देखा है। इस पर लाल चंद ने उसे बताया कि इंद्र प्रकाश आगे निकल गया है। कुछ दूरी पर उन्हें बबलू पुत्र लेखराज और विनोद पुत्र कैलाश चंद निवासी तलोटा, राकेश कुमार पुत्र प्यार चंद निवासी सोहा और हनीश कुमार पुत्र बलदेव निवासी गांव कैला परगना कोहाल मिले। इस दौरान हनीश ने अचानक नरेंद्र को गले से पकड़ लिया और पूछा कि क्या पैसे तूने लेने हैं। इसके बाद हनीश ने नरेंद्र को जोर से लात मारी, जिससे नरेंद्र ढांक से नीचे जा गिरा और उसकी मौत हो गई। एएसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी हनीश के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत मुकद्दमा दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, नरेंद्र के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनोें को सौंप दिया गया है। उधर, देर शाम तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।

Related posts