
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। ढलियारा कॉलेज में एससीए पर काबिज एबीवीपी को झटका लगा है। एबीवीपी के एससीए उपाध्यक्ष को अयोग्य ठहराया गया है। इसके अलावा एक सीआर को भी उसके पद से हटा दिया गया। ढलियारा कॉलेज में छात्र संघ चुनाव के बाद एबीवीपी चारों सीटों पर विजय हुई थी, लेकिन एससीए उपाध्यक्ष पद पर विजयी रहे अविनाश कुमार की बीबीए के दूसरे सेमेस्टर में रि-अपीयर आने से नियमों के तहत उसे अयोग्य ठहरा दिया गया। साथ ही बीबीए के सीआर अर्चित को भी दूसरे समेस्टर में भी रि-अपीयर आने के कारण अयोग्य करार दिया है। कॉलेज प्रशासन ने दोनों छात्रों को आर्डर नोटिस की कापी थमा दी है। इसके अलावा शिक्षा निदेशक और विवि शिमला को भी इसकी जानकारी प्रेषित कर दी है। इस बारे में ढलियारा कॉलेज के प्राचार्य डा. आरपी जिंदल ने बताया कि एससीए उपाध्यक्ष और एक सीआर को रि-अपीयर आने के कारण अयोग्य ठहराया गया है। दोनों छात्रों को इसकी जानकारी नोटिस के जरिए दे दी गई है। शिक्षा निदेशक और विवि शिमला को भी इसकी जानकारी प्रेषित की है।
