
सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल की मसेरन पंचायत के ढकारल गांव में 24 वर्षीय विवाहिता ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। महिला ने दुपट्टे से फंदा बनाया तथा उस पर झूल गई। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। परिवार के अन्य सदस्य खेतों में काम करने गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कांता देवी (24) पत्नी कुलदीप निवासी ढकारल ने घर पर फंदा लगा लिया। महिला की चार वर्ष पहले ही शादी हुई थी। महिला का पति खेतीबाड़ी का काम करता है। दंपति की अभी तक कोई संतान नहीं थी। वीरवार को मृतका के ससुर, सास तथा पति खेतों में काम करने गए थे। जब दोपहर को भोजन करने के लिए घर आए तो कमरा बंद पाया। दरवाजा खटखटाने पर भी अंदर से कोई उतर नहीं आया। आसपास से भी लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। जब अंदर देखा तो विवाहिता ने खुद को फंदा लगा लिया था। मृतका का मायका देवब्राड़ता पंचायत के चौक गांव में है। मायके पक्ष की तरफ से किसी भी तरह के फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाए गए हैं। महिला ने आत्महत्या क्यों की, पुलिस कारणों का पता लगाने में जुट गई है। उधर, डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने भादसं की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। अगर कोई और तथ्य सामने आए तो उसके अनुसार कार्रवाई होगी।
