ड्राइवर को खंती में फेंक कार ले उड़े बदमाश

सितारगंज। चार बदमाशों ने हल्द्वानी के एक कार चालक को बंधक बनाकर उसकी जमकर पिटाई की और बेहोशी की हालत में सड़क किनारे खंती में फेंककर कार लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करा परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन उसे बेहोशी की हालत में अपने साथ हल्द्वानी ले गए।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सिडकुल मार्ग पर बमनपुरी गांव के पास खंती में एक युवक के बेहोशी की हालत में पड़े होने की सूचना मिली। इस पर प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह धोनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और 108 सेवा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां थोड़ा होश आने पर उसने अपना नाम बंटी खान (30) पुत्र करीमउल्ला निवासी लाइन नंबर 17 वनभूलपुरा हल्द्वानी बताया। उसने बताया कि बीती रात करीब 10 बजे हल्द्वानी के भूटिया पड़ाव टैक्सी स्टैंड से चार अज्ञात लोगों ने कार यूके 04 ए 9966 मेरठ के लिए बुक की। आरोप है कि चारों बदमाशों ने रास्ते में उसके हाथ बांध दिए और बंधक बनाकर जमकर पिटाई की। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया। बदमाश उसे बेहोशी की हालत में सितारगंज पहुंचने से पूर्व बमनपुरी गांव के पास सड़क किनारे खंती में फेंक कार लेकर फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक ने मामला हल्द्वानी का होने की वजह से वहां के प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह जिमीवाल को घटना की जानकारी दी। सूचना पर घायल चालक के परिजन भी अस्पताल आ पहुंचे और बंटी को अर्द्धबेहोशी की हालत में हल्द्वानी ले गए। प्रभारी निरीक्षक धोनी ने बताया कि कार लूटने की घटना की रिपोर्ट हल्द्वानी कोतवाली में दर्ज होगी। इस दौरान एसएसआई आरसी मखोलिया, एसआई दिनेश नाथ, दिनेश बल्लभ आदि थे।

Related posts