ड्यूटी से हटाए अधीक्षक व उड़नदस्ता प्रभारी

बिलासपुर(सोनू शर्मा)स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षा के दौरान औहर स्कूल में हुए घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए बोर्ड प्रबंधन ने इसकी जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए बोर्ड के उप सचिव मंगलवार को औहर परीक्षा केंद्र का दौरा करेंगे। बोर्ड ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए परीक्षा अधीक्षक व उड़नदस्ता टीम के प्रभारी को ड्यूटी से हटा दिया है।
गौरतलब है कि गत शुक्रवार को औहर स्कूल में बोर्ड की वार्षिक परीक्षा के दौरान हंगामा हो गया था। निरीक्षण के लिए स्कूल पहुंची फ्लाइंग स्कवार्ड की टीम के प्रभारी एसपी चड्ढा की केंद्र अधीक्षक राजेंद्र के साथ तकरार हो गई थी। फ्लाइंग स्कवार्ड प्रभारी का कहना था कि परीक्षा केंद्र में नकल हो रही है। वहीं, केंद्र अधीक्षक का कहना था कि फ्लाइंग स्कवार्ड की टीम अपना परिचय देने और पहचान पत्र दिखाने के बगैर ही जबरन भीतर घुस रही थी। दोनों के बीच तकरार से हुए हंगामे के चलते पुलिस बुलानी पड़ी थी।
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के संकेत दिए थे। जानकारी के अनुसार बोर्ड ने परीक्षा केंद्र अधीक्षक तथा उड़नदस्ता टीम के प्रभारी को फिलहाल ड्यूटी से हटा दिया है। इसका उद्देश्य यह है कि जांच निष्पक्ष ढंग से हो सके। संपर्क साधने पर स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव बलवीर ठाकुर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बोर्ड के उप सचिव मामले की जांच के लिए मंगलवार को औहर जा रहे हैं।

Related posts