
घुमारवीं (बिलासपुर)। सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक बंबर ठाकुर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुमारवीं, लोक निर्माण विभाग घुमारवीं के कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। विधायक के औचक निरीक्षण से कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा। इस दौरान कई अधिकारी, कर्मचारी अपनी ड्यूटी से नदारत पाए गए। जिन पर कार्रवाई होगी।
शुक्रवार को विधायक बंबर ठाकुर ने सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुमारवीं का निरीक्षण किया। इस दौरान कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र उपचार करवाने आ रहे लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाए। स्वास्थ्य केंद्र में जल्द ही कर्मचारियों की कमी को दूर किया जाएगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुमारवीं में झंडूता, गेहड़वीं, घुमारवीं सहित अन्य क्षेत्रों के लोग इलाज करवाने आते हैं। इसके चलते यहां पर लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जानी चाहिए। शरारती तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए जल्द ही स्वास्थ्य केंद्र में होमगार्ड जवान तैनात किए जाएंगे। लोगों को जिला अस्पताल की तर्ज पर 24 घंटे टेस्ट सुविधा उपलब्ध करवा दी जाएगी। डाक्टरों की कमी का मामला आगामी विधानसभा सत्र में उठाया जाएगा। इसके बाद विधायक ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भी अधिकारी नदारद पाए। इसके बारे में उन्होंने विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया है। विभागीय अधिकारी, कर्मचारी अपना दायित्व निभाएं।
