
रोहडू। दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार में निगम की बस सेवा तीन माह से ठप है। लोगों को निजी वाहनाें में भारी भरकम किराया चुकाकर उपमंडल मुख्यालय पहुंचना पड़ रहा है। बस न चलने से लोगों में भारी रोष व्याप्त है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि डोडरा क्वार क्षेत्र में शीघ्र निगम की बस सेवा फिर से बहाल की जाए। डोडरा क्वार संपर्क मार्ग से पांच पंचायतों के हजारों लोग लाभान्वित होते हैं। सड़क पर छोटे वाहन आ जा रहे हैं लेकिन पथ परिवहन निगम की बस सेवा तीन माह से ठप है। निजी वाहन चालक लोगों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। डोडरा क्वार से उपमंडल मुख्यालय रोहडू आने के लिए ग्रामीणों को तीन सौ रुपये प्रति व्यक्ति किराया चुकाना पड़ रहा है। तीन माह से ठप पड़ी बस सेवा को शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर स्थानीय लोग कई बार निगम के अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं लेकिन फिर भी समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। क्वार पंचायत के उपप्रधान शंकर चौहान, डोडरा पंचायत के पूर्व प्रधान राजेश नंदियाण, दिनेश कुमार तथा यशपाल ने बताया कि तीन माह से डोडरा क्वार को निगम की बस नहीं चल रही है। इससे लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि रोहडू से क्वार आने-जाने का छोटे वाहन में तीन सौ रुपये प्रति व्यक्ति किराया देना पड़ रहा है। उन्होंने मांग उठाई है कि शीघ्र बस सेवा बहाल की जाए। परिवहन निगम रोहडू डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक सुभाष रणहोत्रा ने माना कि डोडरा क्वार मार्ग पर बस नहीं चल रही है। उन्होंने बताया कि सड़क खराब होने के कारण बस सेवा बंद की गई थी। अब फिर से सड़क का निरीक्षण करने के बाद बस सेवा शुरू की जाएगी।
