
घुमारवीं (बिलासपुर)। दी दधोल कृषि सेवा सहकारी सभा पड्यालग द्वारा एक करोड़ 55 लाख रुपए की लागत से दधोल गांव में डेयरी परियोजना शुरू की जाएगी। परियोजना शुरू करने के लिए पांच बीघा भूमि चयनित की गई है। पांच बिस्वा जमीन सरकार से प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दी दधोल कृषि सेवा सहकारी सभा समिति पड्यालग का साधारण अधिवेशन रविवार को सभा सभागार में आयोजित किया गया। इसमें एमआर वशिष्ठ ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। सभा का लक्ष्य पूरा करने के लिए सभी सदस्य भूमिका निभाएं। उन्होंने सभा को भूमि दान करने वाले व्यक्ति करतार सिंह को भी पुरस्कृत किया। इसके अलावा सभा के सहयोग के लिए 11 हजार रुपए की राशि प्रदान की। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभा में 147 नए सदस्यों को शामिल किया जाएगा। सभा प्रधान ब्रह्मदत्त शर्मा ने कहा कि सभा का इस वर्ष कुल टर्न ओवर 75 करोड़ रुपए रहा है। इसमें सभा का कुल लाभ 13 लाख 28 हजार रुपये है। सभा ने अपने कार्यक्षेत्र में सहकारी विकास योजना के तहत 57 सौ शहतूत के पौधे त्यामूल जंगल में लगाए हैं। इस दौरान प्रदेश की अग्रणी सभा तलाई के साथ संयुक्त रूप से संविदा करने की स्वीकृति प्रदान की गई। सभा सचिव हेमराज निखिल ने विगत वर्ष की बैठक की कार्रवाई प्रस्तुत की। अधिवेशन में डा. जगदीश चंद शर्मा, सहकारी सभा उपप्रधान पवन कुमार गौतम, कोषाध्यक्ष शंकर दास, सुनीता शर्मा, जागीर सिंह, अमरनाथ भारद्वाज, सरवण राम, दुर्गा राम ठाकुर, मनसा राम सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
