डेयरी के गुर सीख रहे बेरोजगार युवा

चंबा। भारतीय स्टेट बैंक की ओर से संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बालू में डेयरी पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लगभग 30 युवा और युवतियां भाग ले रहे हैं। संस्थान के निदेशक मनजीत सिंह जसरोटिया ने बताया कि डेयरी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 30 प्रतिभागियों में से छह अनुसूचित जनजाति, छह अनुसूचित जाति और 18 सामान्य वर्ग से संबंधित है। उन्होंने कहा कि शिविर में 18 युवक और 12 युवतियां हिस्सा ले रहे हैं। इस प्रोग्राम को जिला जलागम विकास अभिकरण चंबा की ओर से प्रायोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को डेयरी का प्रशिक्षण पशु पालन विभाग की डाक्टर काजल दे रही हैं। छह दिन तक चलने वाले इस शिविर में डेयरी फार्म के प्रशिक्षण के अतिरिक्त उन्हें बैंकों से संबंधित विभिन्न जमा ऋण योजनाओं के बारे में और वित्तीय साक्षरता के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर स्वावलंबी बनाना है। इससे वे अपना स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं। शिविर में मनोज कुमारी, कांती, डोगरी, सत्या, नीशु, रेखा, कमलेश, मुकेश, परस राम, केवल, भिंद्र, महिंद्र, पवन, चुनी लाल, हितेश, संजू कुमारी और मानो देवी भाग ले रहे हैं। इस मौके पर कार्यपालक निदेशक पशुपालन विभाग एसके शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Related posts