
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। पुलिस ने नाके के दौरान एक व्यक्ति से 32 किलोग्राम जंगली लहसुन (काकोली) बरामद किया है। बाजार में इसकी कीमत डेढ़ लाख के करीब बताई जा रही है। शातिर टैक्सी के जरिये इस माल को बाहर धकेलने की फिराक में था। लेकिन पुलिस ने तस्कर की सारी योजना फेल कर दी। मंगलवार को कुकुमसेरी के पास नाके पर बैठे उदयपुर थाने के एएसआई रूप सिंह और अन्य पुलिस जवानों ने किलाड़ से मनाली की तरफ जा रही टाटासूमो को रोका तो गाड़ी में बैठे एक सवारी के चेहरों की हवाइयां उड़ने लगी। पुलिस ने जांच की तो गाड़ी से 32 किलोग्राम जंगली लहसुन बरामद किया गया। आरोपी की पहचान राजेंद्र कुमार चौकी बाजार किलाड़ के रूप में हुई है। डीएसपी केलांग तेजेंद्र वर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने जंगली लहसुन को अपने कब्जे में लेने के बाद वन विभाग के हवाले कर दिया है। तस्कर को मंगलवार को ही सीजीएम कोर्ट केलांग में पेश किया गया जहां से उसे जमानत मिल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस यह पता लगा रही है कि आखिर आरोपी पांगी घाटी के मालू नाला तथा सुगलवास वन विभाग की चेकपोस्ट से कैसे बाहर निकला। डीएफओ केलांग एचएल राणा ने बताया कि इस जंगली लहसुन की तस्करी पर पूरी तरह से पाबंदी है। बाजार में इसकी कीमत चार से आठ हजार रुपये प्रतिकिलो के बीच है। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने इस सारे मामले पर वन विभाग से जवाब तलब किया है। कहा कि विलुप्त हो रही है जड़ी बूटियों की तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
