
कपकोट। कपकोट ब्लाक के सुदूरवर्ती सूपी न्याय पंचायत में एमडीएम (मिड डे मील) का राशन नहीं पहुंचने से वहां के डेढ़ दर्जन विद्यालयों में दो महीने से मध्याह्न भोजन नहीं बन रहा है। भोजन नहीं बनने पर क्षेत्र के लोगों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने शीघ्र राशन की आपूर्ति कर एमडीएम शुरू करने की मांग की है।
जिला पंचायत सदस्य गोविंद दानू ने कहा कि सरयू घाटी के न्याय पंचायत सूपी में चार जूनियर हाईस्कूल और एक दर्जन प्रावि में एमडीएम का राशन नहीं पहुंचा है। राशन नहीं आने से इन विद्यालयों में दो महीने से मध्याह्न भोजन नहीं बन रहा है। उन्होंने कहा कि राशन की मांग कई बार कर दी है लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। उन्होंने शीघ्र मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इधर जिला शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुशवाहा और जिला एमडीएम प्रभारी भगवत पंत ने बताया कि उनके पास मध्याह्न भोजन नहीं बनने की कोई शिकायत नहीं है। फिर भी मामले की जांच की जाएगी।
