
कुल्लू।(भाग सिंह) जिले में बर्फबारी जहां बागवानी के लिए संजीवनी मानी जा रही है, वहीं लोगों की दिक्कतें भी कम नहीं हुई हैं। बर्फबारी से रविवार को भी कुल्लू की डेढ़ दर्जन सड़कों पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। इसके चलते मुसाफिरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश और हिमपात से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश से राजमार्ग-11 औट-लुहरी बंद पड़ा है। भारी बर्फबारी और बारिश से जिले में 18 से ज्यादा सड़कों पर यातायात ठप है। लगघाटी के दरली घाट से आगे सड़क बंद है। माशनाथाच, कोठी लुहरी-औट, पनंगा, शांगचर, व्यासर, कराल, हिंमरी, फोजल, नेरी, जाणा, हलाणा, शिला, पनकोट, तोष सहित पीज की सड़कें बर्फबारी और बारिश से प्रभावित हैं। इनमें से करीब दर्जनभर सड़कें भूस्खलन की चपेट में आने से बंद हैं। जिले में लगातार बर्फबारी और बारिश से लोगों को सड़क सहित बिजली और पानी जैसी कई मुसीबतों के दौर से गुजरना पड़ रहा है। रविवार को ये सभी सड़कें बंद होने से लोग घरों में ही दुबके रहे। शनिवार देर रात से रविवार दोपहर तक ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी था। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ललित भूषण ने बताया कि सड़कें बर्फबारी और सड़कों पर मलबा गिरने से बंद हो गई हैं। उन्होंने बताया कि मौसम खुलते ही इन सड़कों को बहाल कर दिया जाएगा। इधर, आरएम कुल्लू पवन शर्मा ने बताया कि निगम की कोई भी बस बर्फबारी होने से लोकल रूटों में नहीं फंसी है।
