
हल्द्वानी। दिल्ली से कोठगोदाम आने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस शनिवार रात करीब डेढ़ घंटे लालकुआं स्टेशन पर खड़ी रही। चालक ने ट्रेन को आगे चलाने से इंकार कर दिया। उसका कहना था कि ब्रेक कोच के बाद लगे यात्री कोच की वजह से पहाड़ में गाड़ी लोड नहीं ले पाएगी और दुर्घटना का खतरा है। बाद में उस कोच को वहां से हटाकर इंजन के पीछे लगाया गया। तब जाकर चालक ने ट्रेन आगे बढ़ाई। ट्रेन डेढ़ घंटे एक स्टेशन पर खड़े रहने से यात्रियों को काफी दिक्कत हुई।
संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सुबह अपने निर्धारित समय से दिल्ली से रवाना हुई। चलते वक्त उसमें ब्रेक कोच के बाद एक अतिरिक्त यात्री कोच लगा दिया गया। जो लालकुआं तक तो पहुंचा। मगर वहां चालक ने ये कहकर ट्रेन रोक दी कि ब्रेक के बाद लगा कोच पहाड़ में दिक्कत करेगा। ट्रेन लोड नहीं ले सकेगी। इस कारण वह रिस्क लेकर ट्रेन आगे नहीं ले जाएगा। काफी देर तक उसे समझाया गया। यात्रियों ने भी हंगामा किया। लेकिन चालक नहीं माना। बाद में कंट्रोल रूम की सूचना दी गई। उनके निर्देश पर अतिरिक्त यात्री कोच को ब्रेक कोच के पीछे से हटाकर इंजन के पीछे लगाया गया। तब जाकर ट्रेन करीब ग्यारह बजे लालकुआं से रवाना हुई।
