डेंगू से एक और मौत

जसपुर। डेंगू पीड़ित एक विवाहिता की मौत हो गयी। डेंगू फैलने की आशंका से लोगों में दहशत व्याप्त है। भाजपाइयों ने नगर पालिका प्रशासन से नगर में कीटनाशक का छिड़काव कराने की मांग की है। डेंगू से ऊधमसिंह नगर में यह चौथी तथा कुमाऊं में पांचवीं मौत है।
मोहल्ला जुलाहन निवासी अनीस अहमद की पत्नी शबनम (32) को बीते पांच दिन पहले बुखार आया था। जिसका उपचार वह मोहल्ले के डाक्टर से करा रही थी। बृहस्पतिवार की शाम को हालत बिगड़ने पर उसके परिजनों ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार कर रहे डॉक्टर ने रात को ही एसटीएच हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया। जहां शुक्रवार की सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। सरकारी अस्पताल के सर्जन डा.यूसी उप्रेती ने बताया कि शबनम की अस्पताल में भर्ती करते समय हालत नाजुक थी। प्लेटलेट्स बहुत कम थे।
चिकित्सा अधीक्षक डा.संजय सिंह ने बताया कि डेंगू से निपटने के लिए व्यापक तैयारी की गयी है। लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। विवाहिता की मौत से परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। मृतका अपने पीछे दो पुत्रियां छोड़ गयी है। मृतका का पति बीते दो वर्ष से सऊदी अरब में है। डेंगू फैलने की आशंका से नगर में दहशत का माहौल है।

Related posts