
चंबा। मिंजर मेले के लिए लगाए गए डूम खोलने के जोखिम भरे काम के बीच भी चौगान में सामान की बिक्री होती रही। हैरानी की बात है कि टीन की तीखी चदरें उतारे जाने के समय इसके नीचे सैकड़ों लोग खरीददारी करने में जुटे हुए थे। प्रशासन की ओर से सोमवार को भी यहां बिक्री का काम नहीं रोका जा सका। सस्ता सामान खरीदने के लालच में काफी संख्या में लोग चौगान में डटे रहे।
सोमवार को चौगान नंबर एक में खरीददारी करने वालों की खूब भीड़ उमड़ी रही। इसके चलते कारोबारियों ने मेले के आखिरी दिन जमकर सामान बेचा। जिला प्रशासन ने नौ अगस्त को कारोबारियों को चौगान से खदेड़ने की बात कही थी लेकिन 12 अगस्त तक कारोबारी चौगान में डटे रहे और जिला प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। हालांकि सोमवार को सुबह बाहरी राज्यों से आए कुछ कारोबारियों से सामान की पैकिंग शुरू कर दी थी। जैसे ही कुछ व्यापारियों ने बेचने के लिए सामान खोला। दूसरों की देखादेखी में अन्य कारोबारियों ने भी एक बार फिर से सामान बेचना शुरू कर दिया। देर शाम तक चौगान में सामान की बिक्री होती रही। उल्लेखनीय है कि एसडीएम ने सोमवार को चौगान में किसी भी प्रकार की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की बात कही थी। इसके अलावा लोगों को चौगान में न घुसने देने का भी दावा किया था लेकिन प्रशासन के सारे दावे खोखले साबित हो गए और कारोबारी सामान बेचते नजर आए तथा लोग खरीददारी करते रहे।
