डीसी और एसडीएम को भेजी शिकायत

स्वारघाट (बिलासपुर)। स्वारघाट विकास खंड के तहत पंचायत री के गरा निवासी श्यामलाल ने पंचायत प्रधान पर रंजिश के चलते बीपीएल सूची से नाम हटाने का आरोप लगाया है। श्यामलाल ने जिलाधीश, एसडीएम और बीडीओ को इस बारे लिखित शिकायत भेजी है।
प्रशासनिक अधिकारियों को भेजी शिकायत के अनुसार श्यामलाल ने बताया है कि वह अति निर्धन परिवार से संबंध रखता है। मात्र एक बीघा जमीन है। वह भी खेती के योग्य नहीं है। पत्नी बीमार रहती है। पांच साल से उसे बीपीएल परिवार में पंचायत ने गरीबी के चलते डाला था। लेकिन अब उनका नाम बीपीएल सूची से काट दिया। श्यामलाल के अनुसार बिना किसी विरोध के जनरल हाउस के खत्म होने के बाद उसका नाम मनमर्जी से काट दिया गया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की जांच करवाई जाए। बीडीओ स्वारघाट अजय कुमारी ने कहा कि शिकायत की जांच की जाएगी।
पंचायत प्रधान सुरेंद्रा कुमारी ने कहा कि उन पर लगाए आरोप निराधार है। उन्होंने कहा कि श्यामलाल का नाम ग्राम सभा में मौजूद लोगों के विरोध के बाद ही बीपीएल सूची से काटा है।

Related posts