
शिमला। नागरिक सभा शिमला की इंजनघर इकाई ने डीएसपी सिटी पंकज शर्मा के तबादला आदेश को रद्द करने की मांग की है। सभा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा है कि इस तरह की घटनाओं से असामाजिक तत्वों को शह मिलेगी। सभा के अध्यक्ष प्रो. आरके गुप्ता और सचिव सत्यवान पुंडीर ने कहा कि राजनीतिक हस्तक्षेप से प्रेरित तबादलों से ईमानदार अधिकारियों का मनोबल गिरता है। समाज में बुराइयों को दूर करने तथा अच्छे समाज निर्माण के रास्ते में भी बाधा उत्पन्न होती है। डीएसपी सिटी ने असामाजिक तत्वों, नशाखोरी तथा अवैध कार्यों को रोकने के लिए अभियान शुरू किया था। इससे कुछ लोग खुद को असहज महसूस कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2012 के विधानसभा चुनाव से पूर्व शिमला नागरिक सभा की इंजनघर इकाई के तत्वावधान में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम शिमला के महापौर, उपमहापौर तथा एसपी शिमला को संजौली बाजार से अवैध पार्किंग को हटाने की मांग की थी। इसके बाद भी तीन बार इंजनघर के प्रतिनिधिमंडल ने इस समस्या को पुलिस के सामने उठा था।
