
शिमला। डीएसपी सिटी के तबादले पर पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन मुखर हो गई है। एसोसिएशन ने सरकार को सीधे अल्टीमेटम दे दिया है। कहा गया है कि मंगलवार को डीएसपी सिटी का तबादला रद्द नहीं किया गया तो जिले भर में पुलिस मैस बंद कर दी जाएगी। अगर फिर भी डीएसपी का तबादला रद्द नहीं हुआ तो राज्य भर की पुलिस मैस बंद कर दी जाएगी। इस मांग और अल्टीमेटम को लेकर एसोसिएशन मंगलवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भी मुलाकात करेगी। दरअसल, पुलिस एक नेता के हस्तक्षेप से डीएसपी के तबादले को लेकर आक्रोशित है।
प्रदेश पुलिस कल्याण संघ के प्रदेशाध्यक्ष रमेश चौहान, उपाध्यक्ष अमर सिंह राठौर, किशन चंद, अमर शास्त्री, महासचिव अशोक कुमार, सचिव किशोर कुमार, संयुक्त सचिव महिंद्र सिंह, नरेश कुमार, कोषाध्यक्ष प्रकाश शर्मा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि राजनीतिक आधार पर किए जा रहे तबादले पर रोक लगाई जाए। तबादलों से अफसरों और कर्मचारियों का मनोबल कम हो रहा है और सभी कर्मचारियों में रोष है।
चौहान ने कहा कि मंगलवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी। बात नहीं बनी तो एक सप्ताह के भीतर शिमला जिले में पुलिस मैस एक दिन के लिए बंद रहेगी और सभी पुलिस कर्मचारी भूखे पेट ड्यूटी करेंगे। इस पर भी अगर सरकार नहीं जागी तो प्रदेश भर में पुलिस मैस बंद रखी जाएगी। पांच साल से पुलिस विभाग में राजनीतिक आधार पर काफी तबादले हुए हैं। यदि ऐसा ही होता रहा तो एक समय आएगा कि कोई भी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी से बचता रहेगा और अपना काम सही ढंग से नहीं कर पाएगा।
