डीएवी बरमाणा को दिल्ली में अवार्ड

बरमाणा (बिलासपुर)। डीएवी एसीसी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बरमाणा को राजीव गांधी राष्ट्रीय गुणवत्ता पुरस्कार से नवाजा गया है। 26 अप्रैल को एनडीएमसी कान्वेंशन सेंटर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में कृषि उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण केंद्रीय राज्य मंत्री केवी थॉमस ने स्कूल की प्रधानाचार्य स्वीनपूरी को यह पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार में प्रशस्ति पत्र के साथ पांच लाख रुपए का चैक भी दिया गया है।
यह महान पुरस्कार डीएवी स्कूल प्रबंधन समेत पूरा एससीसी वर्ग गौरवान्वित हो उठा है। इस स्कूल ने बडे़-बडे़ शहरों की पाठशालाओं को पछाड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया। शुक्रवार को पाठशाला परिसर में इस उपलक्ष्य पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसीसी कंपनी बरमाणा के संयंत्र निदेशक राकेश सिन्हा, एसीसी अहैड संस्था की अध्यक्षा डा. राज्यश्री सिन्हा, डीएवी संस्था के निदेशक उत्तरी जोन एसपी अरोड़ा, एसीसी वरिष्ठ महाप्रबंधक एनके चौहान, एसीसी महाप्रबंधक राजेंद्र ठाकुर, पाठशाला की प्रधानाचार्य स्वीनपूरी, उप प्रधानाचार्य सरिता गौतम और मृकुल चौहान, डा. प्रवीण राय समेत समस्त अध्यापक उपस्थित थे। स्कूल प्रधानाचार्य स्वीनपूरी ने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने पहली बार इस पुरस्कार के लिए आवेदन किया था। इसमें एसीसी कंपनी की भी अहम भूमिका रही है। कंपनी परिसर में बनाया गया लालकिला नुमा भवन, खेल मैदन, स्वच्छ वातावरण आदि इस पुरस्कार को पाने में सहायक साबित हुए हैं। प्रधानाचार्य ने इस उपलब्धि के लिए पाठशाला के सभी अध्यापकों की सराहना करते हुए अभिभावकों और बच्चों को भी बधाई दी है।

Related posts