डिस्पले बोर्ड पर प्रदर्शित होंगे सब्जियों के दाम

मंडी। शहर में शीघ्र ही डिस्पले बोर्ड पर सब्जियों के दाम लगाए जाएंगे, ताकि शहर में एक ही दाम पर ग्राहकों को सब्जियां मिल सकें। यह जानकारी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पंकज राय ने सब्जी विक्रेताओं तथा कांगणी मंडी समिति के आढ़तियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। कहा कि सब्जी विक्रेताओं तथा ग्राहकों को सही दाम पर सब्जी मिले तथा आढ़तियों व सब्जी विक्रेताओं को भी कोई नुकसान न हो, इसके लिए शीघ्र ही एक पायलट प्रोजेक्ट ट्रायल के तौर पर आरंभ किया जा रहा है। जिसके लिए आईटी विभाग के साथ मिलकर एक सॉफ्टवेयर तैयार किया जाएगा, ताकि आढ़तियों तथा मार्केटिंग कमेटी को पूरा कमीशन मिल सके और सब्जी उत्पादकों को भी सही दाम मिलें। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक तथा सचिव मंडी समिति, आढ़तियों तथा सब्जी विक्रेताओं के साथ मिल कर सब्जी के दाम निर्धारित करेंगे। प्रतिदिन के दाम के अनुसार दाम की सूची शहर में डिस्पले बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी। शीघ्र ही शहर में मंडी समिति एक डिस्पले बोर्ड स्थापित करेगी। मंडी समिति के अध्यक्ष हरेंद्र सेन ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि उपभोक्ताओं तथा सब्जी उत्पादकों को उनके उत्पादों का सही लाभ मिले तथा आढ़तियों और सब्जी विक्रेताओं को भी कोई नुकसान न हो, इसके लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। बैठक में मंडी समिति के सचिव नेत्र सिंह नायक, कांगणी सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related posts