डियारा सेक्टर में पानी को हायतौब्बा

बिलासपुर। शहर के डियारा सेक्टर में पानी की आपूर्ति गड़बड़ा गई है। पिछले कई दिनों से लोगों को नियमित रूप से पानी नहीं मिल रहा। पानी के लिए घंटों तक नलों के पास लाइन लग रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह खाली बर्तन लेकर आईपीएच के दफ्तर का घेराव कर देंगे।
नगर परिषद कार्यालय के समीप के मोहल्ले में पानी नहीं आ रहा। मंगलवार को भी यहां सुबह सात बजे तक लोग पानी का इंतजार करते रहे, मगर पानी की एक बूंद तक नहीं आई। लोगों ने लक्ष्मी नारायण मंदिर के हैंडपंप से पानी ढोया। नहाने के लिए कई लोगों ने गोबिंदसागर के तटों का रुख कर लिया। नईम मोहम्मद, अजय राही, पुनीत कौंडल, केशव, सुमित, सोनू, संदीप व दीप कुमार आदि ने बताया कि सुबह बच्चों को नहलाना, तैयार करना या नाश्ता बनाना आदि जरूरी काम होते है। पानी नहीं होने से उनकी कार्य की समय सारणी तक गड़बड़ा गई है। इलाकावासी राजेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, गुड्डू, विजय कुमार, गोविंद राम, प्रेम लाल, चंद्र शेखर तथा रूप लाल ने बताया कि उन्हें पानी की सप्लाई नियमित नहीं मिल रही। एक सार्वजनिक नल लगाया तो है, परंतु पानी कब आएगा पता नहीं। इस बारे विभाग को भी अवगत करवाया गया है, मगर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने चेतावनी दी है कि पानी की नियमित सप्लाई नहीं होने की सूरत में वह खाली बर्तन लेकर विभाग के दफ्तर का घेराव करेंगे। उधर, आईपीएच के सहायक अभियंता सुखराम चौधरी ने कहा कि बिजली की कम वोल्टेज के कारण कुछ समस्या हुई थी। अब समस्या का समाधान कर दिया गया है।

Related posts