
उत्तरकाशी। डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने जेई को थप्पड़ मारने के विरोध में मंत्री का पुतला फूंककर रोष जताया। उन्होंने सीएम को ज्ञापन भेजकर मंत्री को कैबिनेट से बर्खाश्त करने की मांग की। कार्रवाई न होने पर उन्होंने प्रदेश व्यापी आंदोलन की चेतावनी दी।
आपदा प्रभावित खरादी में बैठक के दौरान शहरी विकास मंत्री प्रीतम सिंह पंवार द्वारा सिंचाई विभाग के जेई को थप्पड़ मारने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जिला मुख्यालय पर एकत्र हुए डिप्लोमा इंजीनियर्स ने विश्वनाथ चौक पर काबीना मंत्री का पुतला फूंककर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने मंत्री द्वारा माफी मांगने तथा कैबिनेट से हटाने की मांग को लेकर सीएम को ज्ञापन भी भेजा। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई न होने पर तीन जुलाई को सांकेतिक धरना प्रदर्शन और इसके बाद रणनीति बनाकर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर एसके चौहान, यशवंत बर्त्वाल, मुकेश रतूड़ी, राजीव गोस्वामी, रिजवान खान, विनोद बडोनी, रवि रेखी, डीपी.जोशी, जसपाल परमार आदि मौजूद थे।
