
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सरकारी राशन के डिपुओं में उपभोक्ताओं को घटिया क्वालिटी का आटा उपलब्ध करवाया जा रहा है, जिसके चलते लोगों में विभाग के प्रति खासा रोष है। बरसात के दिनों में भी खराब आटा मिल रहा था और अब आटे में रेत के बारीक कण मिले हुए हैं। घटिया आटे से लोगों को किसी प्रकार की बीमारी का डर सताने लगा है। वहीं, इस आटे से बनी रोटी खाने के लायक नहीं है। यह समस्या क्षेत्र के सैकड़ों लोगों की है।
शहर के उपभोक्ताओं मनोज, अनिल, दर्पन, सुधीर, छोटू, विनोद, राकेश, विनय, राजेश, अंजना, राशि आदि का कहना है कि बीते कुछ महीनों से डिपो में घटिया आटा आ रहा है और इस बार भी आटे में रेत के बारीक कण मिले हुए हैं। इससे बनी रोटी बिल्कुल भी खाने के लायक नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि घटिया आटे की सप्लाई करके लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाली फर्म के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
सैंपल भरवाएंगे
उधर, इस बारे में सिविल सप्लाई विभाग देहरा के इंस्पेक्टर मदन लाल ने कहा कि अगर डिपुओं में वितरित किए जा रहे आटे की गुणवत्ता के बारे में लोगों को शिकायत है तो वह आटे का सैंपल भरवाकर उसे जांच के लिए भेजेंगे। अगर आटे की गुणवत्ता व उसमें मिलावट की बात सामने आती है तो आटा सप्लाई करने वाली फर्म से विभाग आटा लेना बंद कर देगा व उस फर्म के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
