

सोमवार को हिमाचल के अधिकांश डिपुओं में प्याज की सप्लाई पहुंची, लेकिन दाम अधिक होने पर उपभोक्ताओं ने डिपुओं से प्याज नहीं खरीदा। खुले बाजार में सोमवार को प्याज की कीमत 50 से 60 रुपये प्रति किलो थी, जबकि डिपो में 64 रुपये प्रति किलो के हिसाब बिक रहा है।
हालांकि, प्रदेश सरकार का मानना है कि उपभोक्ताओं को जो प्याज दिया जा रहा है, खुले बाजार में उसी प्याज के दाम 70 रुपये किलो से ज्यादा हैं। गौरतलब है कि सरकार ने पिछले साल दिसंबर में उपभोक्ताओं को डिपुओें में बाजार से भी सस्ता प्याज देने की बात कही थी।
सरकार ने हिमाचल के लिए 120 मीट्रिक टन प्याज मंगवाया था जो अब पहुंचना शुरू हुआ है। अभी प्याज की सप्लाई जिला शिमला, कांगड़ा, सोलन, हमीरपुर, बिलासपुर में पहुंची है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार तक हिमाचल के हर डिपो में प्याज मिलेगा। सरकार की ओर से डिपो होल्डर को निर्देश दिए गए हैं कि लोगों को एक बारी में 2-3 किलो से ज्यादा प्याज न दिया जाए।
