
करसोग (मंडी)। उपमंडल करसोग क्षेत्र में उचित मूल्य की दुकानों से नमक और तेल न मिलने उपभोक्ता मायूस हैं। इसके साथ लोगों को पिछले माह का चीनी का कोटा भी नहीं मिला है। उपभोक्ताओं को बाजार से महंगे दामों पर बाजार से तेल और चीनी खरीदनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी भगत राम, सतीश कुमार और भीम सिंह ने बताया कि सस्ते राशन के डिपुओं में कभी चीनी, नमक, तेल, दालें तो कभी आटा तक नहीं मिलता। दो महीने से नमक और इस माह का तेल कोटा नहीं मिला है। महीना बीतने पर जब लोग डिपो में जाते हैं तो घटाें इंतजार के बाद उन्हें राशनकार्ड पर सरकार की ओर से सस्ते रेट में मिलने वाली सभी वस्तुएं नहीं मिलती हैं। उन्होंने बताया कि उनके राशनकार्ड में न मिलने वाली वस्तुओं का कोटा कहां और किस खाते में जाता है। लोगों ने डिपुओं में पुराने राशन तोलने के लिए लगाए लोहे के कांटों को भी बदलने की मांग की है। उन्होंने सरकार से इलेक्ट्रानिक कांटे लगाने की मांग की है। खाद्य आपूर्ति निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने माना कि नमक, तेल और चीनी की सप्लाई आगे से नहीं हो रही है।
चालक की सूझबूझ से टला हादसा
करसोग (मंडी)। करसोग से 18 किलोमीटर दूर करसोग- मंडी मार्ग पर एक निजी बस के कुंजो मोड़ के पास अगले टायर का पट्टा टूट गया। लेकिन चालक की होशियारी से बस में सवार 40 लोगों की जान बच गई। करसोग से सुुंदरनगर जाने वाली निजी बस जैसे ही सवा नौ बजे कुंजो मोड़ के पास पहुंची तो टायर का पट्टा टूट गया। इससे बस अनियंत्रित हो गई। लेकिन चालक ने बस को सामने पहाड़ी से टकरा दिया। इससे बस में सवार 40 में से आठ लोगों को हल्की चोटें आईं लेकिन कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी कलाशन की डा. खेमलता शर्मा ने घायलों का उपचार किया। पंचायत प्रधान विद्या देवी और वार्ड मेंबर गंगी देवी ने मदद कर रहे लोगों का आभार जताया।
