डिपुओं में नहीं बिक रही सस्ती चीनी

डिपुओं में नहीं बिक रही सस्ती चीनी
सोलन। जिला सोलन के सरकारी डिपुओं में पहुंची विशेष त्योहारी चीनी की मिठास लोगों को कम ही पसंद आई है। प्रदेश सरकार की ओर से उपभोक्ताओं के लिए दिवाली पर जारी किया गया सस्ता चीनी का कोटा 50 फीसदी ही बिक पाया है। जिला सोलन के सरकारी डिपुओं में 200 क्विंटल चीनी के करीब चीनी सप्लाई की गई थी। इसमें से 107 क्विंटल के करीब चीनी बिकी है। 93 क्विंटल चीनी अभी भी विभिन्न डिपुओं में पड़ी है। अब खाद्य आपूर्ति विभाग व डिपो होल्डरों के लिए यह सिरदर्दी बन चुकी है। सरकार के आदेशों के बिना न तो चीनी बेची जा सकती है न ही इसे वापस भेज सकते हैं। डिपो संचालकों के अनुसार जब तक सरकार के आदेश नहीं आते तब तक यह डिपुओं में पड़ी रहेगी। जिला सोलन में करीब 126865 राशन कार्ड उपभोक्ता हैं।

33.50 रुपये प्रति किलो दी गई
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार त्योहारों का विशेष कोटे चीनी की कीमत 33.50 रुपये प्रति किलो तय की गई थी। मगर सोलन के शॉपिंग माल में 33 रुपये प्रति किलो के हिसाब से चीनी बेची जा रही थी। इसके अतिरिक्त बाजारों में खुली चीनी भी 34 से 36 रुपये तक थी, जिसके चलते सरकारी चीनी कम ही लोगों ने खरीदी। विशेष कोटे में प्रति राशन कार्ड पर दो किलो चीनी दी जा रही थी।

बाजारों के डिपुओं में बिकी कम चीनी
त्योहारी चीनी का कोटा केवल ग्रामीण क्षेत्रों में ही लग पाया है। शहरों के समीप अधिकांश डिपुओं में अभी भी 80 फीसदी चीनी वैसे ही पड़ी है। इसका मुख्य कारण बाजारों और डिपुओं में चीनी की दरें एक समान होना माना जा रहा है।

सरकारी निर्देशों के बाद उठाएंगे कोटा : वर्मा
इस बारे में जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक जय सिंह वर्मा ने बताया कि दिवाली का विशेष चीनी कोटा 200 क्विंटल बांटा गया था, जिसमें करीब 93 क्विंटल चीनी बच गई है। इस चीनी को अब सरकार के निर्देशों के बाद ही उठाया जाएगा। जिन लोगों ने अपने कोटे की चीनी नहीं ली वह डिपुओं से ले सकता है।

Related posts