
रोहडू।(सुंदर ओक्टा ) बहुतकनीकी संस्थान रोहडू के छात्र 50 प्रतिशत डिटेन सिस्टम के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। छात्रों ने नए नियम के खिलाफ बुधवार को धरना प्रदर्शन किया और इस नए नियम को अगले वर्ष से लागू करने की मांग उठाई है।
बहुतकनीकी संस्थान के छात्र अनूप चौहान, नवजोत, अमित चौहान, प्रिया कलेट, शमी चौधरी, पूजा ठाकुर, श्रुति शर्मा, प्रितीशी डोगरा, डोली शर्मा, आंचल मुल्टा, जरविंदर सिंह, सतविंदर सिंह, विनय चौधरी, हैप्पी नानटा, जसवंत सिंह नेगी, प्रवीण शर्मा, विपिन मेहता, दिव्या भारती, आकाश मोल्टा, रंजीत और गौरव वर्मा ने बताया कि धरना प्रदर्शन में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कंम्युनिकेशन और सिविल इंजीनियरिंग तथा मेकेनिकल के सभी छात्रों ने हिस्सा लिया। छात्रों की मांग है कि डिटेन सिस्टम को अभी न थोपा जाए। परीक्षा होने के बाद अगले वर्ष से सिस्टम को लागू किया जाए। इस नए नियम से कई छात्र डिटेन हो रहे हैं। इस नियम के अनुसार रोहडू में इलेक्ट्रानिक्स एवं कंम्युनिकेशन के 47 छात्राें में से सिर्फ 17 छात्र ही अगले सेमेस्टर में जा सकते हैं। मेकेनिकल के 37 छात्रों में से 10 छात्र डिटेन हुए हैं। ऐसे में छात्रों को राहत देकर परीक्षा के बाद अगले वर्ष से डिटेन सिस्टम को लागू किया जाए। उन्हाेंने चेतावनी दी कि है कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो हड़ताल जारी रहेगी।
बाक्स
क्या है डिटेन सिस्टम
डिटेन सिस्टम के अनुसार जिस छात्र की छह में से तीन परीक्षाएं उत्तीर्ण न हों, उसे एक साल बाद फिर से उसी सेमेस्टर में बैठना पड़ेगा, जबकि पूर्व में ऐसा नहीं होता था। परीक्षा के समय भी यह नियम नहीं था।
