
रामपुर बुशहर। डिग्री कॉलेज रामपुर में मंगलवार को पीटीए की बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि कॉलेज में आने जाने वालों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाए जाएंगे। वहीं गेट पर सुरक्षा गार्ड भी तैनात किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कॉलेज के मेन गेट पर छात्रों की सुविधा के लिए एक भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसमें बैंक एटीएम और डाक घर खोला जाएगा। बैठक में सदस्यों ने कहा कि कॉलेज की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे का होना आवश्यक है।
इससे पहले प्राचार्य डा. शंकर भगत नेगी तथा पीटीए प्रधान राजेश गुप्ता ने कॉलेज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का धन्यवाद किया। आम सभा में मौजूद अभिभावकों ने कॉलेज कैंपस में वाणिज्य एवं विज्ञान भवन का निर्माण कराने की बात कहीं। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस मुद्दे को जल्द सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
सभा में शिक्षकों की ओर से डा. जीआर नेगी, डा. एसएस पटियाल, डा. विद्याबंधु नेगी, डा. राम लाल नेगी, अभिभावकों की तरफ से पीटीए उपाध्यक्ष मीना कुमारी, नगर परिषद की सीमा गुप्ता, डीडी कश्यप, राजेंद्र सिंह, दीपक ठाकुर, सत्यपाल वर्मा व इंदिरा ठाकुर समेत कई लोगों ने भाग लिया, जबकि बैठक का संचालन डा. सुनिला शर्मा ने किया।
