डायरिया और फीवर की चपेट में नौनिहाल

चंबा। मौसम में बदलाव आते ही जिले में बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। हालत यह है कि नौनिहालों को दस्त, डायरिया और फीवर ने अपनी चपेट में ले लिया है। रोजाना क्षेत्रीय अस्पताल में इस बीमारियों से संबंधित पचास के करीब बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। हालत यह है कि शिशु वार्ड में एक बेड में दो-दो बच्चे दाखिल किए गए हैं। इसके अलावा बड़े और बुजुर्गों को भी कई बीमारियां घेर रही हैं। मौसम हो रहे बदलाव और असावधानियों को बीमारी का कारण बताया जा रहा है। अस्वच्छ पानी और खाद्य पदार्थों के सेवन में सावधानी न बरतने के कारण बच्चों को दस्त सहित अन्य बीमारियां अपनी चपेट में ले रही हैं। इस संबंध में शिशु रोग विशेषज्ञ डा. विशाल महाजन ने बताया कि रोजाना काफी संख्या में अभिभावक बच्चों को इलाज के लिए चिकित्सालय में ला रहे हैं। इनमें से कुछ बच्चों को दाखिल किया जा रहा है। जो बच्चे ठीक हो रहे हैं, उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। शिशु रोग विशषज्ञ ने बताया कि बच्चों को बीमारियों की चपेट से बचाने के लिए बच्चों को सतर्क होने की जरूरत है।
डाक्टरों की सलाह
1. इन दिनों पानी उबाल कर ठंडा करके पीना चाहिए
2. हरी सब्जियों का सेवन अधिक करना चाहिए
3. स्वच्छता का भी पूरा ध्यान रखना चाहिए
4. घर के आसपास पानी को खड़ा न होने दें

Related posts