डाढ हत्याकांड की होगी जांच : वीरभद्र

धर्मशाला। चामुंडा के समीप डाढ में नायब सूबेदार की कथित हत्या के मामले में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को सदन में बयान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि योल में सेवारत रहे नायब सूबेदार विनोद कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने धारा 302 समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसकी जांच चल रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट आने पर इस मामले में सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, विपक्ष ने इसे एक बर्बर हत्या करार देते हुए कहा कि सरकार मामले में आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई अमल में लाए। भाजपा विधायक रविंद्र रवि ने सवाल किया कि पंद्रह और सोलह दिसंबर की रात जब पूरी सरकार यहां थी, तब इस बर्बर हत्या को अंजाम दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि वारदात की जगह से कुछ ही दूरी पर जिया में पूर्व मुख्यमंत्री समेत विपक्ष के नेता भी ठहरे हैं। ऐसे में प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान उठता है। उन्होंने कहा कि बेहतर होता इस दुखद घटना पर बयान के बजाय विपक्ष की ओर से चर्चा बुलाई जाती, ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके। उधर, सीएम ने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को विस्तृत जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा है।

Related posts