डाक्टर समेत सात के खिलाफ मुकदमा

रुड़की। रामनगर में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनाें पक्षाें के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बच्चे की मौत के बाद डाक्टर और मृतक के परिजनों के बीच मारपीट हो गई थी। मुकदमा दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर गली नंबर एक निवासी श्रतिक जनवाणी की तबियत खराब हो गई थी। मंगलवार को उसे रामनगर में ही डाक्टर केएल शर्मा के यहां उपचार दिलाया गया था। आरोप था कि डाक्टर ने उसे इंजेक्शन लगाया, जिसकी वजह से उसकी घर जाकर तबियत बिगड़ गई और मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजनाें ने डाक्टर से हाथापाई कर दी थी।
बुधवार को एक बार फिर मृतक बच्चे के परिजन और डाक्टर के परिजनों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीएस भंडारी ने बताया कि मामले में पुलिस ने एक पक्ष के प्रतीक शर्मा की तहरीर पर रोहित, पीयूष, धवल और नितिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस ने रोहित जनवाणी की तहरीर पर केएल शर्मा, प्रतीक शर्मा और सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts