डाक्टरों के लिए स्वास्थ्य केंद्र पर जड़े ताले

मौलेखाल। राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानिला में डाक्टरों की नियुक्ति को लेकर क्षेत्रवासियों ने नारेबाजी के साथ अस्पताल में तालाबंदी कर दी। लोगों ने कहना था कि डाक्टरों के लंबे समय से अवकाश पर होने के कारण रोगियों को 80 किमी दूर रामनगर रेफर कर दिया जाता है। छह साल से एक्सरे मशीन शो पीस बनी है।
क्षेत्र के लोग राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानिला पहुंचे। यहां नारेबाजी के साथ अस्पताल में तालाबंदी कर दी गई। वक्ताओं ने कहा कि अस्पताल में एक आयुर्वेदिक और एक ऐलोपैथिक चिकित्सक तैनात थे, लेकिन लंबे समय से दोनों अवकाश पर हैं। फार्मेसिस्ट और वार्ड ब्वाय उपचार कर रहे हैं। गंभीर रोगियों को रामनगर अथवा रानीखेत रेफर किया जा रहा है। क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी हैं। कई बार डाक्टरों के लिए शासन-प्रशासन से गुहार लगाई गई, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है। जिसका खामियाजा क्षेत्र की हजाराें लोगों को भोगना पड़ रहा है। तालाबंदी कार्यक्रम में मनमोहन सिंह बंगारी, मनोहर सिंह, प्रधान मना देवी, खीम सिंह बंगारी, हरिदत्त लखचौरा, चंद्र प्रकाश, ध्यान सिंह बिष्ट, किशोर भाकुनी, गोविंद, भगत सिंह, महेंद्र उजराड़ी, पूरन सिंह, प्रेम सिंह, विजय सिंह तमाम लोग मौजूद थे।

Related posts