
हल्द्वानी। प्रदेश के डाकघरों में अब सोना नहीं मिलेगा। रिलायंस कैपिटल लिमिटेड के सोने के सिक्के और अन्य विकल्पों के रूप में सोने पर निवेश बंद करने के बाद डाकघरों के सामने यह मजबूरी आई है। इंडिया पोस्टल सोने की बिक्री के मामले में रिलायंस का सबसे बड़ा साझीदार था। रिलायंस ने हल्द्वानी डाकघर से अपना सारा स्टॉक भी उठा लिया है।
सोने की बिक्री डाकघरों की आय का एक बड़ा माध्यम था। हल्द्वानी के प्रधान डाकघर ने ही 11 नवंबर 2011 को योजना शुरू होने के बाद दो करोड़ से अधिक कीमत के 823 सोने के सिक्के बेचे। पिछले पांच महीनों में ही दो किलो से अधिक सोना बिका है। 19 महीनों में सोना बेचकर डाकघर ने हर महीने करीब 11 लाख तक का मुनाफा कमाया। डाकघर में 24 कैरेट के आधे ग्राम से लेकर 50 ग्राम तक के सिक्के मिलते थे। प्रदेश में हल्द्वानी, हरिद्वार, देहरादून और रुड़की सोना बेचने के मामले में सबसे आगे रहे हैं। बता दें कि डालर के मुकाबले रुपये का मूल्य गिरने के बाद केंद्र सरकार लगातार लोगों से सोने में कम बाजार में अधिक निवेश करने की मांग कर रही है। इस दबाव के बाद ही रिलायंस ने सोने पर निवेश से हाथ पीछे खींचे हैं। इस कारण डाकघरों के सामने भी बिक्री बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
इधर, हल्द्वानी प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर आरके बिनवाल ने बताया कि उनके पास सोेने की बिक्री बंद करने संबंधित कोई आधिकारिक आदेश अभी तक नहीं पहुंचा है। हालांकि रिलायंस ने अपना सारा स्टाक डाकघर से उठा लिया है।
