
डरोह (कांगड़ा)। पंचायत मूंढी में वीरवार रात को चोरों ने फिर एक घर में सेंध लगाकर चोरी करने का प्रयास किया। घर के लोगों के जागने पर चोर वहां से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार मूंढी स्कूल के पास बुद्धिराम के घर में रात करीब साढे़ बारह बजे चोरों ने एक दरवाजे को उखाड़ने का प्रयास किया। जैसे ही चोर दीवार से ईंटें उखाड़ रहे थे तो घर के दूसरे कमरे में सोए हुए परिवार के लोगों को कुछ आवाजें सुनाई दीं। उन्होंने अंदर से एक अपने पड़ोसी को फोन पर अपने घर की ओर बुलाया। बुद्धि राम ने जैसे ही अपने घर की लाइट जलाई और वह बाहर आया तो चोर वहां से भाग निकले। ऐसे में गांव के काफी लोग वहां पर इकट्ठे हो गए। लोगों के अनुसार वहां पर तीन लोग चोरी करने के लिए आए थे। वहीं मरूहं पंचायत में भी चोरों ने रवि कुमार चौहान के घर में चोरी का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार रात 12 बजे के करीब तीन लोग उनके घर की छत पर थे। घर के अंदर सोए हुए लोगों को मकान की छत पर कुछ आवाजें सुनाई दीं। जिस पर वह बाहर निकले तो तीनों लोग लैंटर से छलांग लगाकर भाग निकले। उधर गत रात ही दो अन्य चोर कलेहड़ निवासी जसवीर सिंह की पशुशाला से भी भागने में कामयाब रहे। जसवीर ने बताया कि वह रात को अपने घर में सो रहे थे कि अचानक उनके पशु जोर-जोर से आवाजें करने लगे। जब जसवीर पशुशाला में गया तो उसने दरवाजा खोलना चाहा, मगर चोरों ने दरवाजा अंदर से बंद कर दिया था। जसवीर ने जब जोर लगाकर दरवाजा खोला तो अंदर छुपे चार चोरों ने पशुशाला की छत के स्लेटों को खोलकर बाहर छलांग लगाई और वहां से फरार हो गए।
वहीं इलाके के मलोग, कस्बा डरोह, गदियाड़ा, बसकेहड़ के चौगान, मंघेड़, सिहोल, लोअर बोदा, नागणी, बोरकड़ व सूरी गांवों में भी चोरों ने दस्तक दी। लोगों के शोर मचाने पर चोर वहां से भागने में कामयाब रहे हैं। सारी रात पहरा देते लोगों की चोरी की घटनाओं से नींद हराम हो गई है। वहीं भवारना पुलिस भी सारी रात चोरों की धरपकड़ के लिए इलाके में गश्त करती नजर आई।
