
दुगड्डा। फतेहपुर कन्या विद्यालय के आसपास अपरिचित लोगाें की आवाजाही से छात्राएं ही नहीं शिक्षिकाएं भी परेशान हैं। उनका कहना है कि एकांत क्षेत्र होने से यहां सड़क के किनारे और जंगल में शराब पीने वाले अक्सर देखे जाते हैं। जिससे कभी किसी भी छात्रा के साथ कोई अनहोनी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
फतेहपुर में दो जुलाई को नदी में बहाव तेज होने से राजकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राएं फंस गए थे। उन्हें बमुश्किल नदी से सुरक्षित निकाला गया। बरसात के दौरान नदी के जलस्तर बढ़ने से पैदा हुए संभावित खतरे को देखते हुए स्कूल बंद कर दिया गया था। अब पुल की मरम्मत होने के बाद स्कूल फिर से खुल गया है। हालांकि इस बीच विद्यालय और आसपास शराब पीने वालों ने अपने अड्डे बना लिए। जिससे छात्राएं ही नहीं शिक्षिकाएं भी भयभीत हैं। प्रधानाध्यापिका सुशीला उनियाल ने बताया कि इन असामाजिक तत्वों पर रोक नहीं लगाई गई तो कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है।
छात्राआें का कहना है-
स्कूल से घर जाने के दौरान सड़कों में बाइक में चलाने वाले मिलते हैं। कई लोग सड़कों के किनारे बैठे रहते हैं। जिससे डर लगता है। -रूपाली छात्रा
फतेहपुर का क्षेत्र एकांत है। जहां पर विद्यालय के आसपास अपरिचितों की मौजूदगी से भय बना रहता है। सड़क के किनारे व जंगल में शराब पीने वाले अक्सर देखे जाते हैं।-मनीषा छात्रा
फतेहपुर-क्रैंखाल मार्ग में बाहर से आए बाइक बाले बैठे रहते हैं। मार्ग में पुलिस का होना आवश्यक है। -शबनम छात्रा
बाइक सवारों से लड़कियोें को अधिक परेशानी होती है। क्षेत्र में पुलिस गश्त होनी जरूरी है। प्रशासन को सुरक्षा के इंतजाम करने चाहिए।– दीपिका छात्रा
क्षेत्र सुनसान होने से आपराधिक प्रवृति वालों के लिए आसान है। क्षेत्र में कई घटनाएं हो चुकी है। हनुमंती में कुछ दिन पहले एक युवक का शव जंगल से पुलिस ने बरामद किया था। यहां पर किसी भी समय घटना हो सकती है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का अभाव है। इस संबंध में प्रशासन को अवगत कराया जाएगा। -गजेंद्र चौधरी, ग्राम प्रधान फतेहपुर
कोट-
इसको लेकर पुलिस को गश्त के लिए निर्देशित कर रहे हैं। स्वयं क्षेत्र का दौरा करुंगा और वहां की स्थितियों परिस्थतियों को देखूंगा। राजस्व पुलिस भी इस पर नजर रखेगी। -पीएस राणा, एसडीएम कोटद्वार
