
इंदौरा (कांगड़ा)। इंदौरा थाना के अंतर्गत पुलिस ने वीरवार देर रात को नाके के दौरान डमटाल में मोहटली रैंप के पास नशे की बड़ी खेप बरामद की। कार्रवाई को एसएचओ इंदौरा बलवीर चंद की अगुवाई में अंजाम दिया गया। पुलिस ने मोहटली रैंप के पास एक सफेद रंग की कार से 90 किलोग्राम भुक्की और 5 बोरे अफीम डोडा (41 किलोग्राम) समेत एक व्यक्ति को दबोचा।
इंदौरा पुलिस की टीम एसएचओ बलवीर चंद की अगुवाई में देर रात गश्त पर निकली थी। रात करीब दो बजे जालंधर-मुकेरियां मार्ग की तरफ से एक सफेद रंग की कार में नशे की बड़ी खेप के हिमाचल की सीमा में आने की गुप्त सूचना मिली। एसएचओ बलबीर चंद, एडिशनल एसएचओ चैन सिंह, डमटाल पुलिस चौकी के प्रभारी प्रभात चंद, एसआई प्रेम चंद की अगुवाई में पुलिस टीम ने डमटाल में मोहटली रैंप के पास नाका लगा दिया। इतने में जालंधर-मुकेरियां की तरफ से सफेद रंग की कार को आते देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया। कार चालक फिल्मी अंदाज में कार को नाके पर रोकने की बजाय घुमाकर चक्की दरिया की तरफ भगा ले गया। कुछ दूरी पर जाकर कार को झाड़ियों के किनारे खड़ा कर रात के अंधेरे में तस्कर फरार हो गया। पुलिस ने फरार आरोपी का पीछा किया और सड़क से करीब 100 मीटर की दूरी पर घनी झाड़ियों से दबोच लिया।
मोहटली पंचायत के प्रधान राकेश कुमार व वार्ड पंच जगमोहन की मौजूदगी में कार की तलाशी ली गई तो उसमें से एक-एक किलो भुक्की के 90 पाउच और पांच बोरों में 41 किलो अफीम डोडे बरामद किए गए। आरोपी की पहचान सुदेश कुमार निवासी गांव गन्ना तहसील फिल्लौर (जालंधर) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी राजीव अत्री ने मामले की पुष्टि की है।
