डबरोग गांव में दिनदहाड़े घर में सेंधमारी

सरकाघाट (मंडी)। डबरोग गांव में चोरों ने तीन सप्ताह बाद फिर दिनदहाड़े एक घर के ताले तोड़ डाले। चोर घर से गहनाें तथा नकदी पर हाथ साफ कर गए। वारदात के समय घर पर कोई नहीं था। परिवार के सदस्य निजी कार्य से बाहर गए हुए थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से घर से चोरी पेन ड्राइव बरामद हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक डबरोग निवासी कुलदीप चंद पुत्र परमा राम का परिवार गत रोज निजी कार्य से बाहर गया हुआ था। पीछे से परिवार की गैर मौजूदगी में चोरों ने घर में सेंधमारी कर डाली। चोरों ने पहले घर के मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया। इसके बाद अंदर रखी अलमारी का लॉक तोड़कर ज्वेलरी तथा नकदी पर हाथ साफ कर लिया। पुलिस के मुताबिक चोर अलमारी के अंदर रखी 15 ग्राम सोने की चेन तथा छह ग्राम की अंगूठी सहित 4700 रुपये की नकदी भी ले उड़े। चोरी हुए सोने के गहनाें की कीमत 60 हजार रुपये आंकी गई है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घर से चोरी हुए पेम ड्राइव के साथ गांव के ही एक युवक को शक के आधार पर हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक पेन ड्राइव परिवार के मुखिया कुलदीप चंद का है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। तीन सप्ताह पहले भी चोरों ने डबरोग गांव में सेवानिवृत्त प्रोफेसर चतुर्भुज के घर पर सेंधमारी कर दी थी। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि आरोपी के पास से पेन ड्राइव मिला है। जिस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Related posts