डंडों और दराट से दो पर हमला

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। ग्राम पंचायत कबाड़ी में तीन व्यक्तियों ने डंडों और दराट से हमला करके दो व्यक्तियों को घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मिस्त्री का काम करने वाला कबाड़ी निवासी रंजीत कुमार वीरता गांव से अपना काम करके रात आठ बजे अपने घर पहुंचा तो आंगन के बाहर तीन व्यक्तियों ने पहले तो उसकी डंडाें से पिटाई कर दी, बाद में उस पर दराट से हमला करने की कोशिश की। नगरोटा बगवां पुलिस थाना में लिखाई रिपोर्ट में रंजीत सिंह ने बताया कि शोर सुनकर जब पड़ोसी सुरेश कुमार ने बीच बचाव करने की कोशिश की तो इन व्यक्तियों ने उस पर भी दराट से हमला करके घायल कर दिया। मामले की छानबीन कर रहे नगरोटा बगवां पुलिस थाना के एएसआई राम सिंह ने बताया कि दोनों घायल व्यक्तियों का मेडिकल करवाकर आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 451, 323, 324, 504 तथा 34 के तहत मामला दर्ज करके मामले की छानबीन की जा रही है। इसकी पुष्टि डीएसपी कांगड़ा अशोक वर्मा ने की है।

Related posts