
शिमला। शहर की सड़कों ने ट्रैफिक व्यवस्था में उथल पुथल मचा दी है। सड़क के डंगे गिरने और नालियों की खुदाई से ट्रैफिक व्यवस्था की हवा निकल गई है। व्यवस्था संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने शहर के रूट डायवर्ट कर दिए हैं, जिसकी सीधी मार शहर की आम जनता पर पड़ रही है।
लक्कड़ बाजार-संजौली मार्ग पर ऑकलैंड टनल के पास सड़क क्षतिग्रस्त हुए तीन दिन हो गए हैं, बावजूद इसके लोक निर्माण विभाग अभी तक डंगा नहीं लगा सका है। भारी वाहनों को वाया छोटा शिमला चलाना पड़ रहा है। ऑकलैंड टनल के पास 29 जून को डंगा गिर चुका है लेकिन सोमवार शाम तक भी विभाग यहां रिटेलिंग वॉल नहीं लगा पाया है। उधर बालूगंज में सड़क किनारे नालियों की खुदाई के कारण लग रहे जाम के चलते सोमवार को ट्रैफिक वाया चक्कर डायवर्ट करना पड़ा। तय रूटों को छोड़ बसों के वैकल्पिक मार्गों से चलने के कारण राजधानी शिमला सहित आसपास के लोगों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ी।
—————————————-
डंगा गिरने और सड़क की खुदाई से दिक्कत : रघु
लक्कड़ बाजार के पास सड़क के डंगे की मेंटेनेंस के कारण भारी वाहनों को वाया छोटा शिमला चलाया गया है। बालूगंज में नालियों की खुदाई के से लगे जाम के चलते ट्रैफिक वाया चक्कर डायवर्ट करना पड़ा है।
– पुनीत रघु, डीएसपी ट्रैफिक
विभाग ने दी है खुदाई की अनुमति : श्रीधर
टेलीकॉम कंपनी को तार बिछाने के लिए विभाग ने अनुमति दी है, लेकिन साथ ही हिदायत भी दी गई है कि खुदाई के कारण ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो। कंपनी को बालूगंज में व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए जाएंगे।
– आरके श्रीधर,
अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
—–
छोटा शिमला में खराब बस ने लगाया जाम
छोटा शिमला के पास निजी बस खराब होने के कारण सोमवार को जाम लग गया। सुबह करीब साढ़े दस बजे लगे जाम के कारण कर्मचारियों व छात्रों को परेशानी झेलनी पड़ी।
11 से 8 बजे तक डायवर्ट रहा ट्रैफिक
बालूगंज के पास सड़क किनारे नालियों की खुदाई के चलते जाम के कारण ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा। सुबह 11 बजे से देर शाम 8 बजे तक बसें वाया चक्कर चलाई गईं।
सूचना बोर्ड लगाने की नहीं उठाई जहमत
लक्कड़ बाजार-संजौली मार्ग पर सड़क क्षतिग्रस्त होने के बावजूद संबंधित विभाग ने यहां किसी प्रकार का सूचना बोर्ड लाने की जहमत नहीं उठाई। सोमवार को जानकारी के अभाव में लोगों को यहां भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
स्कूलों के आसपास कोई व्यवस्था नहीं
ट्रैफिक डायवर्ट होने के कारण प्रभावित क्षेत्र में चल रहे स्कूलों के आसपास व्यवस्था बनने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए। ऑकलैंड, चैप्सली स्कूल, आरकेएमवी और संजौली कॉलेज के छात्रों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
आज दोपहर तक सड़क बहाल करने का दावा
ऑकलैंड टनल के पास रिटेनिंग वॉल लगाने का काम देख रहे लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अजय सोनी ने मंगलवार दोपहर दो बजे से पहले डंगे का काम पूरा हो जाने का दावा किया है। यदि ऐसा होता है तो दोपहर बाद संजौली, ढली और ऊपरी शिमला की ओर जाने वाली बसें पूर्व निर्धारित रूट पर चल सकेंगी।
