ठोटू खड्ड में निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्त

धर्मपुर (मंडी)। रविवार रात हुई भारी बारिश से धर्मपुर क्षेत्र के मुख्य मार्गों सहित कई संपर्क सड़कों पर यातायात अवरुद्ध हो गया। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार को लोगों को पैदल सफर कर गंतव्य स्थान तक पहुंचना पड़ा। अत्यधिक बारिश से सिधपुर के पास ठोटू खड्ड पर निर्माणाधीन पुल को नुकसान हुआ है। खड्ड का जलस्तर बढ़ने से पुल पर लगी शटरिंग बह गई।
ठोटू खड्ड पर बन रहे पुल का निर्माण कार्य कुछ समय पहले ही शुरू हुआ था। रविवार रात भारी बारिश से खड्ड में आई बाढ़ से पुल क्षतिग्रस्त हो गया। बाढ़ से पुल पर लगी शटरिंग भी बह गई। जिससे ठेकेदार को नुकसान हुआ है। इसके अलावा बारिश से सरकाघाट-जोगिंद्रनगर मार्ग धर्मपुर में सरोली के पास तथा कांढापतन के पास चट्टान खिसकने से मार्ग बाधित हो गया। वहीं, नेरी के पास और बसाही धार के पास भी यह मार्ग भूस्खलन होने की वजह से बाधित हो गया और यात्रियों को बसाही से धर्मपुर तक पैदल चलकर आना पड़ा। धर्मपुर से सिधपुर तथा धर्मपुर से स्योह मुख्यमार्ग भी जगह-जगह ल्हासे गिरने और सड़क धंसने के कारण बाधित रहा। हालांकि, यहां पर सोमवार 12 बजे के बाद ही यातायात बहाल हो पाया है। धर्मपुर मढ़ी संधोल वाया भरतपुर मुख्य मार्ग भी अवरुद्ध है। धर्मपुर स्योह संधोल मार्ग भी जगह-जगह ल्हासा गिरने के कारण बाधित रहा। संपर्क मार्गों में धर्मपुर से मठी बनवार, सतरेहड़, कोट, ततोहली परडाना, धर्मपुर से कलस्वाई, धर्मपुर से ध्वाली वाया बरडाना, धर्मपुर से पैहड वाया कौंसल, धर्मपुर से बरोटी वाया काढांपतन, धर्मपुर से बरोटी वाया सरसकान, धर्मपुर से सरी, धर्मपुर से शेरपुर वाया खांबर, धर्मपुर से बिंगा, धर्मपुर से फिहड़, धर्मपुर से लंगेहड़, धर्मपुर से झरेड़ा, धर्मपुर से कोठुआं नेरी, धर्मपुर से पारच्छु वाया टौरी, धर्मपुर से खनौड़, धर्मपुर से परयाल वाया मढ़ी, मढ़ी से समौड़, धर्मपुर से कमलाह संपर्क मार्ग बंद हो गए। उधर, लोक निर्माण विभाग मंडल धर्मपुर के अधिशासी अभियंता अनिल संगराय ने बताया कि विभाग ने मुख्य मार्गों को यातायात के लिए बहाल कर दिया है तथा जो मार्ग अभी बहाल नहीं हुए है, उन्हें बहाल करने का कार्य जारी है।

बारिश से मकान और गौशालाएं ध्वस्त
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर क्षेत्र में गत रात्रि हुई मूसलाधार बारिश के कारण क्षेत्र में कई मकानों और गौशालाओं को ल्हासा गिरने से खतरा पैदा हो गया है तथा कुछ मकान और गौशालाएं ध्वस्त हो गई हैं। भरौरी पंचायत के मठी बनवार के मनोज कुमार पुत्र मकरध्वज की गौशाला गिर गई। वहीं सिधपुर पंचायत के मल्होड गांव में पंजकू राम का मकान गिरने का समाचार प्राप्त हुआ है तथा ध्वाली पंचायत के रिछली गांव में चौधरी राम और राजमल के मकान के आगे ल्हासा गिरने के कारण दोनों के शौचालय ध्वस्त हो गए। रवाल सिंह पुत्र रुपिया राम और चंद लाल पुत्र रामशरण के मकान के पीछे ल्हासा आने से दोनों के मकान को खतरा पैदा हो गया है। कानूनगो राजमल ने बताया कि क्षेत्र के अधिक पटवारी चुनाव ड्यूटी पर गए हैं। जिस कारण क्षेत्र में नुकसान का जायजा नहीं लग पाया है। जैसे ही वे लौटेंगे वर्षा से हुए नुकसान का जायजा लिया जाएगा।

Related posts