
लोक निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण कार्य में देरी के चलते एक ठेकेदार को 16 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई है। जानकारी के मुताबिक लोनिवि ने रियाली से पराल जाने वाले संपर्क मार्ग को पक्का करने के लिए विभागीय ठेकेदार को एक करोड़ 62 लाख 28 हजार 902 रुपये का वर्क अवार्ड किया था। ठेकेदार को 28 दिसंबर 2013 तक सड़क निर्माण कार्य पूरा करना था। विभाग के ठेकेदार ने काम अवार्ड होने के बाद सड़क को पक्का करने का काम तो शुरू कर दिया, लेकिन करीब 1400 मीटर रोड़ी बिछाने के बाद ठेकेदार ने काम बीच में ही छोड़ दिया। हालांकि, लोनिवि ने ठेकेदार को बार-बार लिखित रूप में काम को पूरा करने की हिदायत भी दी, लेकिन ठेकेदार के सिर पर जूं तक नहीं रेंगी। हालांकि, जब लोनिवि मंडल फतेहपुर के अधिशाषी अभियंता कार्यालय की ओर से ठेकेदार को दफ्तर में तलब किया गया तो ठेकेदार ने विभाग को दस दिन के भीतर काम पूरा करने का भरोसा दिलाया, लेकिन यह समयावधि पूरी होने के बाद भी ठेकेदार ने सड़क निर्माण की जहमत नहीं उठाई। विभाग ने ठेकेदार को काम में कोताही बरतने के चलते 16 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई है। उधर, लोनिवि के एक्सईएन अनिल पुरी ने ठेकेदार को अवार्ड किए सड़क निर्माण कार्य की अनुमानित लागत की 10 प्रतिशत पेनल्टी लगाने की पुष्टि की है।
