ठेकेदारों को गुमराह कर रहे अधिशासी अभियंता

पौड़ी। जयहरीखाल के ब्लाक प्रमुख अरुण खंतवाल समेत कई ठेेकेदारों ने कहा कि लोनिवि प्रांतीय खंड पौड़ी के अधिशासी अभियंता ठेकेदारों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने अधिशासी अभियंता पर उच्चाधिकारियों के नाम पर जिला योजना में दो फीसदी और आपदा के कार्यों में 10 फीसदी अग्रिम कमीशन मांगने का आरोप लगाया।
पौड़ी में पत्रकारों से बातचीत में ब्लाक प्रमुख और अन्य ठेकेदारों ने कहा कि लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता मुलायम सिंह ने एक अगस्त को आपदा और जिला योजना के कार्यों की निविदा प्रकाशित की थी। इसकी अंतिम तिथि पांच से दस अगस्त थी, जबकि नौ से 11 अगस्त तक राजकीय अवकाश था। इस कारण ठेकेदार टेंडर नहीं ले पाए। कार्यालय ने बहाना बनाकर आम ठेकेदारों को टेंडर नहीं खरीदने दिए। इस मामले में लोनिवि के अधीक्षण अभियंता ने ईई को निविदा सूचना की शुद्धि पत्र प्रकाशित करने के निर्देश दिए थे, लेकिन ईई ने कोई कार्रवाई नहीं की। ठेकेदारों ने शासन से लोनिवि प्रांतीय खंड के ईई की ओर से की जा रही अनियमितताओं की जांच करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। वहीं लोनिवि के अधीक्षण अभियंता राजेश शर्मा ने कहा कि निविदाओं में गलतियां पाई गई, जिसके कारण ईई को निविदाएं निरस्त करने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर कैलाश रावत, शिव चरण भंडारी, गणेश सिंह, नवीन कुमार, अरविंद सिंह नेगी, मुकेश चंद्र, दीपक पोखरियाल आदि मौजूद थे।

Related posts