
शिमला। सेब उत्पादक क्षेत्र के लिए बेहद अहम ठियोग-हाटकोटी सड़क का निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया फाइनल होने वाली है। आरआईडीसी (रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेल्पमेंट कारपोरेशन) ने इस सड़क के लिए टेंडर मंगवाए थे। इसमें देश की नामी सात कंपनियों ने आवेदन कर रखे हैं। इसमें से शुरुआत में सीएनसी कंपनी के रेट काफी कम दिख रहे हैं, हालांकि निगम के अधिकारी इससे कम रेट मिल सके, इसके लिए सभी के टेंडरों को खंगालने के काम में लगी है।
आगामी पंद्रह से बीस दिन में टेंडर को फाइनल कर विश्वबैंक के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। पूर्व सरकार के समय में इस काम को चीनी कंपनी को दिया था। चीनी कंपनी बीच में ही काम छोड़कर चली गई थी। इससे सरकार को दोबारा से इसके लिए टेंडर आमंत्रित करने पड़े। अब सरकार ने इस काम को दो चरणों में करने का फैसला लिया था। इसे ठियोग-हाटकोटी और खड़ापत्थर-रोहडू दो भागों में बांटा गया। पहले चरण में टेंडर की प्रक्रिया लगभग अंतिम चरण में हैं और दूसरे चरण का टेंडर जुलाई में खोलने की तैयारी है। आरआईडीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और मुख्य अभियंता नरेश शर्मा ने बताया कि पहले चरण का टेंडर शीघ्र ही फाइनल कर विश्वबैंक को भेज दिया जाएगा। अगले चरण के टेंडर जुलाई में होने की संभावना है।
