ठियोग में शीघ्र बनेगा बस अड्डा : स्टोक्स

शिमला। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य और बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स ने जारी बयान में कहा है कि शिमला जिला के अंतर्गत ठियोग उपमंडल में नए अस्पताल भवन एवं परिसर का निर्माण किया जाएगा। नए अस्पताल भवन में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र तैयार कर निर्धारित समयावधि में कार्रवाई सुनिश्चित बनाई जाएगी।
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स ने कहा कि नए अस्पताल भवन में स्पेशल वार्ड, इंडोर पेशेंट वार्ड, ओपीडी, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य उपचार केंद्र और लेबर रूम इत्यादि सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि नए अस्पताल परिसर के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। अस्पताल तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे रोगियों को सुचारु ढंग से अस्पताल तक पहुंचाया जा सके। विद्या स्टोक्स ने कहा कि ठियोग बाईपास का शीघ्र निर्माण किया जाएगा। इससे लोगों को बढ़ते यातायात के दबाव से राहत मिल सकेगी। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को शीघ्र ही भारत सरकार को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। ठियोग में शीघ्र ही आधुनिक सुविधायुक्त बस अड्डा का निर्माण भी किया जाएगा। यह बस अड्डा रहीघाट में बनाया जाएगा, जिसका निर्माण बीओटी आधार पर किया जाएगा। नए बस अड्डे में कार्यशाला, कार्यालय, यात्रियों के लिए प्रतीक्षा कक्ष, बहुउद्देशीय व्यापारिक परिसर, शौचालय आदि की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

Related posts