
ठियोग (शिमला)। उपमंडल में बीडीसी अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने 15 वर्ष बाद अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। कांग्रेस प्रत्याशी विद्या शर्मा ने भाजपा की रीना शर्मा को चार वोट से हरा कर अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया। इससे पहले पिछले 15 वर्ष से अध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा रहा है। वहीं, विद्या शर्मा के अध्यक्ष बनने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। चुनाव एसडीएम ठियोग एमआर भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित किए गए।
प्रदेश में कांग्रेस सरकार आते ही पहले तो उपाध्यक्ष पद की कमान कांग्रेस के युवा नेता दिनेश चंदेल को दी गई। इसके बाद भाजपा से संबंध रखने वाली बीडीसी अध्यक्ष शीला वर्मा के विरोध में अविश्वास प्रस्ताव पास कर उन्हें भी पद से हटाया गया। इसके बाद सोमवार को भाजपा से संबंध रखने वाली रीना शर्मा और कांग्रेस से संबंध रखने वाली विद्या शर्मा में वोटिंग के माध्यम से चुनाव करवाए गए। इसमें कांग्रेस की विद्या शर्मा को 13 और भाजपा की रीना शर्मा को नौ वोट पड़े। जीत के बाद चौपाल के विधायक बलवीर वर्मा ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही क्षेत्र का विकास तेजी के साथ हो रहा है। वहीं, पार्टी हाईकमान के आदेशों का पालन करना भी आवश्यक है। इधर, कांग्रेस के जिला प्रवक्ता ब्रह्मानंद शर्मा ने कहा कि बीडीसी अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर कांग्रेस ने भाजपा के गढ़ पर कब्जा किया है। उन्होंनेे बताया कि भाजपा प्रत्याशी का पंद्रह वर्ष ठियोग बीडीसी अध्यक्ष पद पर कब्जा था।
इस अवसर पर शहरी कांग्रेस के संजय शर्मा, पार्षद कल्पना कंवर, कमला शर्मा, लाइक राम शर्मा, राजेंद्र वर्मा, बीडीसी उपाध्यक्ष दिनेश चंदेल, नगर परिषद उपाध्यक्ष विवेक थापर, युवा कांग्रेस ठियोग जोन के अध्यक्ष संजय शर्मा सहित अन्य लोगों ने विद्या शर्मा को अध्यक्ष बनने पर बधाई दी
