ठियोग के संधू में युवक का शव मिला

ठियोग (शिमला)।(विक्रम विक्की ) राष्ट्रीय राजमार्ग-22 ठियोग-संधू सड़क पर लालपानी के पास सड़क से नीचे एक युवक का शव मिला है। शव की पहचान श्याम सिंह 37 वर्षीय पुत्र लगन दास के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार श्याम सिंह अपने दोस्त के साथ ठियोग से संधू के लिए रवाना हुआ था । देवी मोड़ के पास उसका दोस्त अपने घर को निकल गया और श्याम सिंह अपने घर के लिए रवाना हो गया। इसी दौरान रास्ते में वह सड़क से 50 मीटर नीचे जा गिरा। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण श्याम सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस को सूचना करीब सुबह नौ बजे मिली। छानबीन में सोहन लाल जो श्याम सिंह के साथ रात में मौजूद था उसके भी बयान दर्ज किए गए। उसने बताया कि दोनों दोस्तों ने ठंड का सफर तय करने के लिए शराब का सेवन किया, लेकिन रास्ते में अलग होने के बाद एक तो घर पहुंच गया, जबकि दूसरा घर नहीं पहुंच पाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल ठियोग में करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की पुष्टि डीएसपी रतन सिंह नेगी ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में जुट गई है।

Related posts