ठगी के मामले में दो युवक गिरफ्तार

बिलासपुर। लॉटरी का झांसा देकर लोगों को ठगने वालों का नेटवर्क पूरे देश में चल रहा है। लाखों रुपये की लॉटरी निकलने के लालच में सैकड़ों लोग अपने जीवनभर की पूंजी गवां चुके हैं। खास यह है कि गोरखधंधे में जुडे़ लोगों में अधिकतर उच्च शिक्षित हैं। हाल ही में पुलिस ने बिलासपुर के एक व्यक्ति के साथ हुई ठगी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दिल्ली में दबोचा युवक काफी अधिक पढ़ा लिखा बताया जा रहा है। उसने बीएससी की है। पुलिस ने ठगी का कारोबार करने वाले इस गिरोह की जड़ तक पहुंचने की भी कोशिशें की लेकिन अभी तक कामयाबी नहीं मिल सकी है। हालांकि, इस मामले में अभी और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक ठगी के इस नेटवर्क में बडे़ गिरोह का हाथ है। राज्य से बाहर बैठकर कई लोग इस तरह का कारोबार चला रहे हैं। इन दो युवकों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने सात राज्यों की खाक छानी। जिस खाते में पैसे जमा हुए उसकी पूर्ण छानबीन के बाद शख्स पुलिस का गच्चा भी देता रहा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक ठगी के कारोबार में सिर्फ यह दो लोग ही नहीं, बल्कि कई और युवा भी शामिल हैं जिन तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच अधिकारी एवं प्रोबेशनर सब इंस्पेक्टर जयराम के अनुसार इनके साथ और लोग भी हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले को ट्रेस करने में पुलिस को कई राज्यों की खाक छाननी पड़ी। आधा दर्जन से अधिक राज्यों में दबिश देने के बाद दिल्ली और उड़ीसा से दोनों गिरफ्तार हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन आरोपियों को दबोचने में चौकी प्रभारी पदम देव और बैंक के डिप्टी मैनेजर दीपक साहू का विशेष योगदान रहा है।
उधर, एसपी कपिल शर्मा ने बताया कि अब तक पकडे़ गए युवक बाहरी राज्य से हैं। लिहाजा, इस गोरखधंधे में बाहरी राज्य के अधिक लोग होने की संभावना है। पुलिस तमाम पहलुओं को मद्देनजर रखते हुए छानबीन कर रही है।

बॉक्स के लिए—
न्यायिक हिरासत में भेजा आरोपी
बिलासपुर। लॉटरी का झांसा देकर लोगों से ठगी करने के आरोप में दिल्ली से गिरफ्तार किए गए मुनीर अशरफ को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे एक मार्च तक न्यायिक हिरासत में रखने के आदेश हुए हैं। प्रोबेशनर सब इंस्पेक्टर जय राम ने इसकी पुष्टि की है।

Related posts